भारत को यूरेनियम देगा कनाडा, 50 बिलियन डॉलर के व्यापार का लक्ष्य: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

0

कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 2 मार्च तक भारत दौरे पर हैं। आज सोमवार को उनकी मुलाकात दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हुई। हैदराबाद हाउस में दोनों शीर्ष नेताओं की मुलाकात हुई। इस मौके पर दोनों नेताओं ने हाथ मिलाते हुए फोटो खिंचवाई और फिर उनके बीच द्विपक्षीय बैठक शुरू हुई। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि भारत को कनाडा यूरेनियम देगा। साथ ही, उन्होंने कहा कि कनाडा से 50 बिलियन डॉलर के व्यापार का लक्ष्य है।

पीएम मोदी ने कहा, “भारत में भारत-कनाडा पल्स प्रोटीन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की जाएगी। रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में बढ़ता सहयोग हमारे गहरे आपसी विश्वास और रिश्तों की परिपक्वता का प्रतीक है। हम रक्षा उद्योगों, समुद्री डोमेन जागरूकता और सैन्य आदान-प्रदान को बढ़ाने के लिए काम करेंगे। इसी उद्देश्य के लिए आज हमने भारत-कनाडा रक्षा संवाद स्थापित करने का निर्णय लिया है।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “भारत-कनाडा नवाचार साझेदारी के साथ हम विचारों को वैश्विक समाधानों में बदलेंगे। मैं पिछले महीने भारत में आयोजित ‘AI इम्पैक्ट समिट’ की सफलता में कनाडा के बहुमूल्य योगदान के लिए प्रधानमंत्री कार्नी को धन्यवाद देता हूं। हम AI के साथ-साथ क्वांटम, सुपरकंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर्स में सहयोग बढ़ाएंगे।”

उन्होंने कहा, “आज क्रिटिकल मिनरल्स पर हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन आपूर्ति श्रृंखला की लचीलापन को मजबूत करेगा। अंतरिक्ष क्षेत्र में हम दोनों देशों के स्टार्टअप्स और उद्योगों को जोड़ेंगे। ऊर्जा क्षेत्र में हम अगली पीढ़ी की साझेदारी बना रहे हैं, जो हाइड्रोकार्बन के साथ-साथ नवीकरणीय ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और ऊर्जा भंडारण पर विशेष जोर देगी।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “दुनिया में चल रहे कई तनावों पर भारत का रुख स्पष्ट है। हमने हमेशा शांति और स्थिरता बनाए रखने का आह्वान किया है और जब दो लोकतंत्र एक साथ खड़े होते हैं, तो शांति की आवाज और भी मजबूत हो जाती है।”

उन्होंने आगे कहा, “पश्चिम एशिया की वर्तमान स्थिति हमारे लिए गहरी चिंता का विषय है। भारत संवाद और कूटनीति के माध्यम से सभी विवादों के समाधान का समर्थन करता है। हम क्षेत्र में सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी देशों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेंगे।”

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *