चंडीगढ़ में सालान पार्किंग पास सस्ता करने की तैयारी: कार पास ₹6000 से घटकर 4000 हो सकता है, प्रशासक ने दिया छूट का सुझाव
Oplus_131072
चंडीगढ़ में वार्षिक पार्किंग पास की दरों में बड़ी कटौती की तैयारी चल रही है। चारपहिया वाहनों के लिए 6000 रुपये में मिलने वाला वार्षिक पास अब 4000 से 4500 रुपये में मिल सकता है। इससे कार ड्राइवरों को सालाना करीब 1500 से 2000 रुपये तक का सीधा फायदा हो सकता है।
नगर निगम की ओर से एमसी वन पार्किंग पास लॉन्च करने के बाद अब इसमें बड़ी छूट देने पर काम किया जा रहा है। यह छूट केवल वार्षिक पास पर मिलेगी, मासिक पास की दरों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा।
दोपहिया चलाने वालों को भी मिलेगी राहत
सिर्फ कार ही नहीं, दोपहिया वाहनों के वार्षिक पास भी सस्ते किए जाएंगे। अभी दोपहिया वाहन के लिए मासिक पास 250 रुपये और वार्षिक पास 3000 रुपये में दिया जा रहा है। प्रस्ताव है कि इसे भी कार के अनुपात में कम किया जाए।
नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने बताया कि कार के वार्षिक पास को 4500 रुपये करने पर चर्चा हो चुकी थी। बाद में प्रशासक की ओर से इसे 4000 रुपये करने का सुझाव दिया गया। अब यूटी प्रशासन से चर्चा के बाद अंतिम दर तय की जाएगी।
चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने रोज फेस्टिवल के उद्घाटन के दौरान कहा था कि 500 रुपये मासिक के हिसाब से सालाना 6000 रुपये बनते हैं, जबकि इसे 4000 रुपये में देना चाहिए। उनका मानना है कि इससे लोगों को राहत मिलेगी और निगम को एकमुश्त राजस्व भी प्राप्त होगा।
नगर निगम ने 27 जनवरी को एमसी वन पार्किंग पास लॉन्च किया था। इसमें कार के लिए मासिक पास 500 रुपये और दोपहिया के लिए 250 रुपये तय किया गया है। लॉन्च के बाद एक महीने में करीब 7000 पास जारी किए जा चुके हैं। निगम को उम्मीद है कि वार्षिक पास में छूट मिलने से बिक्री और बढ़ेगी।
