भिवाड़ी में केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग और धमाका, कई मजदूर जिंदा जले, कई अंदर फंसे
राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है. आज, सोमवार सुबह भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में तेज धमाके हुए और उसके बाद वहां आग लग गई. मौके से मिल रही तस्वीरों में फैक्ट्री में आग की ऊंची लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं. शुरुआती जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में लगी इस आग से 6 से 7 मजदूर जिंदा जल गए हैं. साथ ही, कई मजदूर फैक्ट्री में फंसे हुए हैं जिनके बचाव के लिए प्रयास किए जा रहे हैं. घटना के समय फैक्ट्री में 20-25 मजदूर काम कर रहे थे. आग की लपटें भड़कते ही कुछ मजदूर बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन लगभग 10 लोगों के अब भी अंदर फंसे होने की सूचना है.
आग की सूचना पर आधा दर्जन दमकल मौके के लिए रवाना हुए और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए. हालांकि अभी भी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है.
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री कई महीनों से बंद थी जिसमें अचानक आग लग गई. फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्तों का स्टॉक पड़ा था. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि फैक्ट्री में 3 से 4 बार तेज धमाके हुए और वहां आग लग गई. आग लगने के कारण के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं है. तिजारा डीएसपी शिवराज सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
