चंडीगढ़ के सेक्टरों की सफाई में लापरवाही, पर्याप्त स्टाफ तक नहीं, लोग हुए परेशान, कंपनी पर 35 लाख जुर्माना
चंडीगढ़। शहर के दक्षिणी सेक्टरों (31 से 56, 61 और 63) की सफाई में लापरवाही बरती गई। पर्याप्त कर्मचारी तक नहीं रखे। लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। अब जिम्मेदार कंपनी पर नगर निगम ने लायंस कंपनी पर 35 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
जीआईएस आधारित मैकेनाइज्ड और मैनुअल सफाई सेवाओं का काम लायंस सर्विसेज लिमिटेड के पास है। कंपनी के खिलाफ शिकायतें मिल रही थीं। इस कंपनी की समयावधि पहले ही खत्म हो चुकी है। कई महीनों से कंपनी को कार्यविस्तार दिया जाता रहा।
पहली बार कंपनी पर इतनी बड़ी कार्रवाई की गई है। पहले कंपनी कई वर्ष से कर्मियों को गुड़, तेल और साबुन नहीं दे रही थी। कुछ दिन पहले ही कर्मियों को इसके बदले में राशि जारी हुई है।
इस कंपनी की जगह नई फाइनल करने के लिए निगम ने टेंडर जारी कर आवेदन मांगे थे। अब सदर्न सेक्टरों की सफाई के लिए जारी टेंडर में छह कंपनियों ने आवेदन किया है। इनमें से कोई एक कंपनी टेक्निकल जांच के बाद फाइनल होगी।
