गुरुग्राम में देर रात एनकाउंटर, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 2 आरोपियों को पकड़ा

हरियाणा के गुरुग्राम में देर रात एनकाउंटर के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दो वांटेड आरोपियों को पकड़ा है। दोनों के पैर में गोली लगी है। इन दोनों ने एक गवाह की हत्या की थी। यह गवाह नजफगढ़ के सैलून में दो लोगों की हत्या के मामले में मुख्य गवाह था। पुलिस ने एनकाउंटर के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नीरज तहालान नाम के व्यक्ति की हत्या की गई थी।
पुलिस ने बताया कि नजफगढ़ के एक सैलून में दो लोगों की हत्या की गई थी। इस मामले में नीरज तहालान नाम का व्यक्ति मुख्य गवाह था। दोनों आरोपियों ने नीरज की हत्या कर दी थी। अब एनकाउंटर के बाद दोनों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस को गुरुवार रात सूचना मिली थी कि गवाह की हत्या के आरोपी गुरुग्राम में हैं। इसके बाद एनकाउंटर कर दोनों को गिरफ्तार किया गया।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और गुरुग्राम पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन में यह सफलता मिली है। गुरुग्राम में एनकाउंटर के बाद नीरज तेहलान हत्याकांड मामले के दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। नीरज तेहलान की हत्या चार जुलाई को दिल्ली के नजफगढ़ में हुई थी। गिरफ्तार किए गए बदमाशों के नाम मोहित जाखड़ और जतिन राजपूत हैं।
दोनों बदमाशों की तरफ से पुलिस पर छह गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली हेड कॉन्स्टेबल नरपत की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, दूसरी सब-इंस्पेक्टर विकास के हाथ में लगी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली मारी। दोनों घायलों को सेक्टर-10, गुरुग्राम सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस को बदमाशों के पास से दो पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल मिली है।
लगभग 1 साल पहले नजफगढ़ में एक सैलून में दो लोगों की हत्या कर दी गई थी। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया था। नीरज भी इस सीसीटीवी में नजर आ रहा है। नीरज इस हत्याकांड का गवाह था, जिसकी बाद में हत्या कर दी गई थी। नीरज के हत्यारों को अब एनकाउंटर में गिरफ्तार किया गया।