दिग्विजय चौटाला को मिली धमकी, सिद्धू मूसेवाला की प्रतिमा पर फायरिंग की भेजी वीडियो; जांच में जुटी पुलिस

जजपा के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला को इंटरनेट मीडिया पर किसी ने विदेशी मोबाइल नंबर से एक वीडियो भेजी है। इस वीडियो में सिद्धू मूसेवाला की प्रतिमा पर फायरिंग होती दिखाई गई है। दिग्विजय चौटाला की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि जजपा के युवा प्रदेशाध्यक्ष ने डबवाली के सावंतखेड़ा गांव में पिछले वर्ष स्व. सिद्धू मूसेवाला की प्रतिमा स्थापित की थी। पुलिस की कई टीमें बुधवार सुबह मौके पर पहुंची। बताया जाता है कि यहां प्रतिमा स्थापित है, उसके नजदीक एक पेट्रोल पंप है।
पुलिस को जो वीडियो मिली है, उस पर 9.22 से 9.29 तक का समय दिखाया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पंप करिंदों से पूछताछ की, तो यही बात सामने आई कि यहां फायरिंग नहीं हुई है। वहीं, पुलिस की साइबर सेल और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची।
पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि पुलिस के पास वीडियो मंगलवार रात को आया था। युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि सीधे तौर पर धमकी नहीं मिली है। विदेशी नंबर से वीडियो मिली है। पुलिस को सूचित किया गया है।