बरात लेकर पहुंचा दूल्हा, न दुल्हन मिली न उसका घर; हिमाचल में अजब शादी का गजब किस्सा!

दूल्हे को पंजाब की एक महिला बिचौलिये ने धोखे का शिकार बनाया। उसने दूल्हे व उसके स्वजन को इंटरनेट मीडिया से लड़की की फोटो दिखाकर रिश्ता तय किया था। पुलिस ने दूल्हे के पिता की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।
नारी अपर गांव के एक युवक की उसके पड़ोस में एक विवाह समारोह के दौरान रिश्ते करवाने वाली पंजाब की एक महिला से पहचान हो गई। युवक खेतीबाड़ी करता है।
महिला ने युवक को सिंगा गांव के एक गरीब घर की बेटी की फोटो दिखाई और रिश्ता पक्का दिया। कुछ दिन बाद महिला ने युवक के स्वजन से रिश्ते के लिए 50 हजार रुपये लिए और कहा कि लड़की वाले सादगी से विवाह करेंगे।
महिला ने 28 जनवरी को सिंगा गांव में बरात लेकर आने का निमंत्रण दिया। मंगलवार सुबह नारी अपर गांव से सिंगा गांव में बरात पहुंची। बरात में शामिल 90 लोग जब सिंगा पहुंचे तो वहां स्वागत करने के लिए न तो रिश्ता करवाने वाली महिला मिली और न ही लड़की पक्ष से कोई था।
रिश्ता करवाने वाली महिला से संपर्क किया गया तो वह टालमटोल करने लगी। बताया कि लड़की ने जहर निगल लिया है और उसे पंजाब के नवांशहर लेकर गए हैं। बरात पंचायत घर में बैठ गई। दूल्हे के पिता कुछ लोगों को साथ लेकर पंचायत प्रधान के पास पहुंचे तो पता लगा कि सिंगा गांव में मंगलवार को कोई विवाह नहीं था।
दूल्हे के पिता ने जो फोटो दिखाई, वैसी कोई लड़की गांव में नहीं है। मामला हरोली पुलिस के पास पहुंचा। शाम को दूल्हा बरात लेकर बिना दुल्हन के वापस घर पहुंचा। आरोपित महिला पहले भी कई युवकों के रिश्ते करवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी कर चुकी है।