हरियाणा में नायब सिंह सैनी की ताजपोशी आज, कौन-कौन बनेंगे मंत्री? इन नामों की खूब चर्चा

0

हरियाणा में आज नायब सिंह सैनी की बतौर मुख्यमंत्री ताजपोशी होगी। सुबह 11 बजे पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में नायब सिंह सैनी का शपथ ग्रहण होगा। सैनी की ताजपोशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत बीजेपी और NDA के सहयोगी दलों के शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत 37 नेता मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक नायब सिंह के साथ आठ से दस विधायक मंत्रिपद की शपथ भी ले सकते हैं। माना जा रहा है कि सैनी की कैबिनेट में जाति समीकरण का पूरा ख्याल रखा जाएगा।

 

हरियाणा में बीजेपी की रिकॉर्ड जीत के बाद कल चंडीगढ़ में हुई विधायक दल की बैठक में नायब सिंह सैनी को नेता चुना गया। इस बैठक में गृहमंत्री अमित शाह खुद मौजूद थे। शाह ने नायब सैनी के नाम की घोषणा करते हुए कहा कि हरियाणा में इस बार 36 बिरादरी की सरकार बन रही है जो हरियाणा के हर व्यक्ति का विकास करेगी। विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद नायब सिंह सैनी ने राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया और अब आज वो मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।

नायब सैनी का सियासी सफर-

1996 – संघ से जुड़े, बीजेपी से सियासी सफर शुरू किया

2009 – हरियाणा की नारायणगढ़ सीट से चुनाव हार गए

2014 – पहली बार विधायक बने, हरियाणा में राज्य मंत्री बने

2019 – कुरुक्षेत्र से पहली बार बीजेपी सांसद चुने गए

2023 – हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए

2024 – हरियाणा के 11वें सीएम के तौर पर शपथ ली

मंत्रिमंडल के लिए इन नामों की चर्चा

भाजपा हाईकमान जाति व क्षेत्रीय समीकरण के आधार पर ही मंत्रिमंडल का गठन किया जाएगा। ऐसे में जो भी मंत्री बनेंगे, आलाकमान की ओर से उन्हें सुबह संदेश दिया जाएगा। जो विधायक मंत्री बनने की दौड़ में शामिल हैं, उनमें सबसे ऊपर कृष्ण कुमार बेदी, अनिल विज, कृष्ण लाल पंवार, मूलचंद शर्मा, महिपाल ढांडा, रणबीर गंगवा, आरती राव, विपुल गोयल, राव नरबीर, अरविंद शर्मा, श्याम सिंह राणा, डॉ. कृष्ण मिड्ढा और राजेश नागर का नाम शामिल है। वहीं, हरविंद्र कल्याण व अनिल विज का नाम विधानसभा अध्यक्ष के तौर पर चल रहा है। भाजपा के नेताओं ने बताया कि हरियाणा में सीएम समेत 14 मंत्री मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। दो मंत्री पद खाली छोड़े जाएंगे, जिन्हें बाद में भरे जाएंगे।

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *