Lok Sabha Election 2024: चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू, 97 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे
चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू हो गई है। जल्द ही लोकसभा चुनाव 2024 के तारीखों का ऐलान किया जाएगा। इसके साथ ही पूरे देश में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। आज कुछ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीखों की भी घोषणा होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि हमारी टीम चुनाव कराने के लिए तैयार है। भारत में चुनाव लोकतंत्र का पर्व है। चुनाव का पर्व देश का पर्व है। भारत के चुनाव पर पूरी दुनिया की नजर रहती है। हमने सभी राज्यों में जाकर तैयारियों की समीक्षा की है। हमने 17 लोकसभा चुनाव और 400 से अधिक विधानसभा चुनाव कराए हैं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। इतने बड़े देश में चुनाव करना चुनौती है।
राजीव कुमार ने कहा कि 1.82 करोड़ मतदाता ऐसे हैं जो इस लोकसभा चुनाव में पहली बार वोट डालेंगे। 88.49 लाख मतदाता दिव्यांग हैं। 82 लाख मतदाता 80 साल से अधिक उम्र के हैं। इस बार 97 करोड़ मतदाता वोट डालेंगे। 55 लाख ईवीएम का इस्तेमाल होगा। करीब 10.5 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। 1.5 करोड़ चुनाव अधिकारी और सुरक्षा अधिकारी की तैनाती होगी। 20-29 साल के वोटर की संख्या 19.74 करोड़ है। 49.7 करोड़ पुरुष और 47.1 करोड़ महिलाएं वोट देंगी।
16 जून को पूरा होने वाला है वर्तमान लोकसभा का कार्यकाल
वर्तमान लोकसभा का कार्यकाल 16 जून को पूरा होने वाला है। इससे पहले चुनाव आयोग को लोकसभा चुनाव पूरा करना है। 2024 में होने वाले आम चुनाव में करीब 97 करोड़ मतदाता वोट डालने वाले हैं। इसके लिए 12 लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे।
अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश और ओडिशा जैसे राज्यों में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। उनका कार्यकाल जून में विभिन्न तारीखों पर समाप्त हो रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने इस सप्ताह की शुरुआत में कहा था कि चुनाव आयोग सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के बाद जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव पर फैसला करेगा।
