अंबाला में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में अनिल विज का बड़ा संदेश, बोले- 2047 तक विकसित भारत बनाना हमारा संकल्प

0

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज बुधवार को अंबाला शहर पुलिस लाइन में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘सेवा ज्योति यात्रा’ कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया गया था। इस मौके पर अनिल विज ने कहा कि देशवासियों ने कांग्रेस की घोटालेबाज सरकार को हटाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा भाव वाली सरकार चुनी, जिसके लिए पूरा देश उनका आभारी है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि वर्ष 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद से लेकर आज तक नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन में बिना थके 25 वर्ष पूरे किए हैं। विज ने स्पष्ट किया कि ‘सेवा-संकल्प’ में दो शब्द छिपे हैं—एक सेवा और दूसरा संकल्प। हर नागरिक को यह संकल्प लेना होगा कि वह अपने स्तर पर समाज की क्या और कैसे सेवा कर सकता है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने अपने संबोधन में ‘मैं’ के बजाय ‘हम’ की भावना पर जोर दिया है, जिसमें देश की पूरी जनता शामिल है।

अंबाला में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त सचित गुप्ता और अन्य अधिकारियों ने ऊर्जा मंत्री का स्वागत किया। इसके बाद मंत्री अनिल विज, पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना। संबोधन के तुरंत बाद अनिल विज और असीम गोयल ने संयुक्त रूप से मशाल जलाकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का शुभारंभ किया। विज ने कहा कि यह यात्रा हर मोहल्ले, गांव और शहर तक जाएगी। अंबाला में एक विशेष चौक बनाया गया है जहां इस ज्योति को स्थापित किया जाएगा ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का संदेश पहुंचे।

पुलिस लाइन से शुरू होकर ओल्ड सेशन कोर्ट तक पहुंची इस यात्रा में ऊर्जा मंत्री अनिल विज खुद हाथों में मशाल थामे नजर आए और वंदे मातरम के गगनभेदी नारों से कार्यकर्ताओं में नया जोश भर दिया। कार्यक्रम की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि केवल अंबाला छावनी से ही कार्यकर्ताओं को लाने के लिए 42 बसों का काफिला रवाना हुआ था। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री असीम गोयल, पूर्व विधायक पवन सैनी, नगर निगम मेयर अक्षिता सैनी, नगर परिषद अध्यक्ष स्वर्ण कौर और जिलाध्यक्ष मनदीप राणा समेत भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर