हरियाणा में 12 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी, 9 जिलों में 50 KMH तक तेज हवाओं का अलर्ट; पंचकूला में ओलावृष्टि के आसार

0

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज बदल गया है। मंगलवार शाम से कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो गया। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के 9 जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम और फरीदाबाद में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

मंगलवार रात पंचकूला में अचानक गरज-चमक के साथ बारिश हुई और कई जगह ओले भी गिरे। पानीपत और सोनीपत में तेज हवाएं चलीं। अंबाला में भी आसमान में बिजली चमकती रही।

यमुनानगर में तेज बारिश के कारण मंडियों में खुले में रखी धान की फसल भीग गई। ट्रालियों में लदी धान की उपज भी बारिश की चपेट में आ गई। इससे किसानों और आढ़तियों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण 12 अक्टूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है। अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश में रुक-रुककर बारिश हो सकती है। बारिश के कारण मंडियों में खुले में पड़ी धान की फसल को नुकसान का खतरा बना हुआ है।

सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, नारनौल, रेवाड़ी, नूंह और पलवल में बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना है।

मंगलवार को प्रदेश में हिसार 38.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। महेंद्रगढ़ (नारनौल) और चरखी दादरी में 38.0 डिग्री, बालसमंद में 37.6 डिग्री और भिवानी में 37.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

रात के तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। गुरुग्राम 20.0 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे ठंडा रहा। महेंद्रगढ़-बावल में 20.1, भिवानी में 21.0, फतेहाबाद में 22.5 और पानीपत में 22.9 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *