हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने किया हाइड्रोजन ट्रेन में सफर, सोनीपत से पहुंची जींद
हरियाणा बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने गोहाना से हाइड्रोजन ट्रेन में सफर किया और जींद तक पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने भारतीय रेलवे में हो रहे बदलावों और आधुनिक सुविधाओं का उल्लेख करते हुए इसे रेल परिवहन के नए दौर की शुरुआत बताया। अर्चना गुप्ता ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत से देश में रेलवे के क्षेत्र में नई तकनीक और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि देश में रेल नेटवर्क और यात्री सुविधाओं को लगातार आधुनिक बनाया जा रहा है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने रेलवे में स्वच्छता को लेकर किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान 2004 से 2014 के बीच करीब 10 हजार बायो-टॉयलेट बनाए गए थे, जबकि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में करीब 3.66 लाख बायो-टॉयलेट बनाए गए हैं। उनके मुताबिक, रेलवे में स्वच्छता को प्राथमिकता मिलने से यात्रियों के लिए सफर पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हुआ है। अर्चना गुप्ता ने कहा कि आधुनिक ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे, इलेक्ट्रॉनिक दरवाजे और अन्य तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं के चलते यात्रियों के अनुभव में बदलाव आया है। उन्होंने रेलवे ट्रैक निर्माण की गति का भी जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी सरकार के कार्यकाल में रेल बुनियादी ढांचे के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है।
