अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट के 20 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

0

अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट के 20 वर्ष पूर्ण होने पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

पांच प्रेरणापुंज हस्तियों को किया गया सम्मानित, 20 वर्षों की सेवा यात्रा पर आधारित पत्रिका का विमोचन

पंचकूला, 20 सितंबर। अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, सेक्टर-1, पंचकूला में विशेष कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंजाब के माननीय राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक माननीय श्री प्रेमजी गोयल का सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में पंचकूला के महापौर श्री श्याम लाल बंसल तथा परम आदरणीय डॉ. अमृता दीदी जी अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट के चेयरमैन एवं हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने की।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पंचकूला की पांच विशिष्ट हस्तियों को ‘प्रेरणापुंज सम्मान’ से सम्मानित किया गया। रक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जनरल वी.पी. मलिक, AVSM एवं PVSM, समाज सेवा के क्षेत्र में श्री रमाकांत भारद्वाज, शिक्षा एवं अकादमिक क्षेत्र में श्री आकांक्ष धुल, श्रेष्ठ इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में श्री एस.पी. सिंगला तथा 155 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित कर सेवा देने के लिए श्री राकेश सेंगर को स्मृति चिह्न एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा पिछले 20 वर्षों में किए गए सेवा, जनकल्याण, खेल एवं शिक्षा से जुड़े कार्यों पर आधारित विशेष पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

अश्विनी गुप्ता की स्मृति को सेवा के माध्यम से जीवंत रखने का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के चेयरमैन एवं पूर्व हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि उनके होनहार पुत्र अश्विनी गुप्ता खेलों के प्रति विशेष रुचि रखते थे। वर्ष 2006 में एक सड़क दुर्घटना में उनके आकस्मिक निधन से पूरा परिवार गहरे दुख में डूब गया था। उन्होंने कहा कि इस कठिन परिस्थिति में परिवार ने टूटने के बजाय अश्विनी गुप्ता की स्मृति को समाजसेवा से जोड़ने का संकल्प लिया और इसी उद्देश्य से अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट की स्थापना की गई।

उन्होंने कहा कि आज ट्रस्ट को 20 वर्ष पूरे हो चुके हैं और इन दो दशकों में ट्रस्ट ने शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य, रक्तदान एवं जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा अब तक 20 अश्विनी गुप्ता मेमोरियल बैडमिंटन चैंपियनशिप आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें 7,000 से अधिक बच्चों ने भाग लिया है। इसी प्रकार 10 नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविरों के माध्यम से 500 से अधिक लोगों की जांच एवं आंखों के ऑपरेशन किए जा चुके हैं।

 

श्री गुप्ता ने बताया कि ट्रस्ट द्वारा आयोजित 9 रक्तदान शिविरों में अब तक 1,600 से अधिक यूनिट रक्तदान किया गया है। इसके अलावा ट्रस्ट द्वारा आयोजित 13 कबड्डी टूर्नामेंटों में 7,000 से अधिक बच्चों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा समय-समय पर क्विज प्रतियोगिता, वाद-विवाद एवं भाषण प्रतियोगिता, पेंटिंग प्रतियोगिता तथा स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाता रहा है, जिनमें हजारों बच्चों ने भाग लिया। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को खेल, शिक्षा, रचनात्मकता और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य “खेल खिलाओ, नशा भगाओ” है और आने वाले समय में भी इसी संकल्प के साथ सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

श्री गुप्ता ने बताया कि इसी वर्ष जनवरी से ट्रस्ट द्वारा पंचकूला के बरवाला में निःशुल्क कंप्यूटर ट्रेनिंग एवं स्किल सेंटर संचालित किया जा रहा है। अब तक 35 बच्चों ने यहां अपना प्रशिक्षण पूरा कर लिया है, जबकि अन्य बच्चे भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को कंप्यूटर एवं अन्य उपयोगी कौशल का प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार के अवसरों के लिए सक्षम बनाना है।

युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ‘War on Drug’ अभियान

ट्रस्ट के महासचिव श्री पार्थ गुप्ता ने कहा कि उनके दादा एवं ट्रस्ट के चेयरमैन श्री ज्ञानचंद गुप्ता द्वारा स्थापित इस ट्रस्ट के माध्यम से उनके पिता अश्विनी गुप्ता की स्मृति को सदैव जीवंत रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि जनकल्याण से जुड़े हर संभव कार्य को आगे बढ़ाने के लिए ट्रस्ट निरंतर प्रयासरत रहेगा।

उन्होंने बताया कि युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से ट्रस्ट द्वारा ‘War on Drug’ अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से घर-घर और स्कूलों तक पहुंचकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें खेलों एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

श्री पार्थ गुप्ता ने कहा कि युवा पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से संदेश पहुंचाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया सहित उपलब्ध सभी माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने ट्रस्ट की गतिविधियों में सहयोग देने वाले सभी महानुभावों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

सेवा सहयोगियों और प्रशिक्षण प्राप्त बच्चों का भी सम्मान

कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट में अपनी सेवाएं दे रहे श्री डी.पी. सोनी, श्री एन.डी. शर्मा, श्री अशोक सिंगला, श्री अनीश गुप्ता, श्री डी.पी. सिंगला, श्री अमित गुप्ता एवं श्री सुमित शर्मा को विशेष प्रशंसा चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त ट्रस्ट द्वारा संचालित कंप्यूटर ट्रेनिंग एवं स्किल सेंटर से प्रशिक्षण पूरा करने वाले बच्चों को भी प्रशंसा चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, खेल जगत से जुड़े लोग, ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट की 20 वर्षों की सेवा यात्रा को आगे बढ़ाने तथा समाज एवं युवा पीढ़ी के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।

 

जारीकर्ता

कार्यालय

अश्विनी गुप्ता मेमोरियल ट्रस्ट

पंचकूला

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *