मोहाली में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 4 गुर्गे गिरफ्तार, 5 विदेशी हथियार बरामद; रंगदारी के लिए की थी फायरिंग

0

मोहाली पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े चार गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों से पांच ऑटोमैटिक व विदेशी हथियार, 12 कारतूस और वारदातों में इस्तेमाल टेंपरेरी नंबर वाली फॉर्च्यूनर कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी मोहाली में फिरौती के लिए की गई फायरिंग की तीन वारदातों में शामिल थे। 4-5 सितंबर की दरमियानी रात फेज-10 में संयम जुडेजा के घर पर फायरिंग की गई थी। इससे पहले विदेश में बैठे कुलवीर सिंह सिद्धू द्वारा कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगे जाने की बात सामने आई थी।

इसके बाद 7 सितंबर को संयम जुडेजा के पार्टनर बलजीत सिंह के घर पर भी फायरिंग की गई। 14 सितंबर को सेक्टर-104 में जगदीप सिंह मान के घर पर गोलियां चलाई गईं। इस दौरान घर में काम कर रहा सचिन नाम का युवक घायल हो गया था।

पुलिस ने तकनीकी जांच और ह्यूमन सोर्स के आधार पर चार आरोपियों को दबोचने का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकाशदीप सिंह, प्रवीण कुमार उर्फ कालू, जसमनदीप सिंह और दुसंत शर्मा उर्फ शम्मी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी बुड़ैल जेल में बंद गैंगस्टर रविंदर सिंह उर्फ काली शूटर और विदेश में बैठे कुलवीर सिंह सिद्धू के संपर्क में थे। जांच में जसमनदीप पर रेकी करने, दुसंत पर हथियार संभालने और अकाशदीप और प्रवीण पर फायरिंग करने का आरोप है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *