चंडीगढ़ में नशे की दवाओं पर कसा शिकंजा, केमिस्ट दुकानों की होगी नियमित जांच

0

चंडीगढ़। नशे की दवाओं और आदत पैदा करने वाली दवाओं की अवैध बिक्री पर चंडीगढ़ प्रशासन ने सख्ती बढ़ाने का फैसला लिया है। प्रशासन की ओर से केमिस्ट दुकानों की नियमित जांच के साथ औचक निरीक्षण किए जाएंगे।

दवाओं की बिक्री और आपूर्ति में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित केमिस्ट या व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत गृह-सह-स्वास्थ्य सचिव मंदीप सिंह बराड़ ने सोमवार को केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों और शहर के केमिस्टों के साथ बैठक की।

बैठक में आदत पैदा करने वाली दवाओं की अवैध बिक्री, नशीले पदार्थों की आपूर्ति और इनके दुरुपयोग पर रोक लगाने के उपायों पर चर्चा हुई। प्रशासन और केमिस्टों के बीच समन्वय बढ़ाने को लेकर भी निर्देश दिए गए।

मंदीप सिंह बराड़ ने केमिस्टों को निर्धारित नियमों का पालन करने और आदत पैदा करने वाली दवाओं की बिक्री का उचित रिकार्ड रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी दवाओं की संदिग्ध बिक्री या अवैध आपूर्ति की जानकारी मिलने पर प्रशासन को तत्काल सूचित किया जाए।

प्रशासन ने केमिस्टों से अपील की कि उन्हें यदि नशीली दवाओं की अवैध बिक्री, आपूर्ति या दुरुपयोग से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना प्रशासन को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है।

इसके साथ ही स्वास्थ्य निदेशक डाॅ. सुमन सिंह ने कहा कि केमिस्ट दुकानों की नियमित जांच के अलावा औचक निरीक्षण भी किए जाएंगे। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक में केमिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को अभियान में सहयोग का आश्वासन दिया।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *