पंचकूला में देर रात खौफनाक हादसा, ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, BCA छात्रा समेत 3 की मौत

0

हरियाणा के पंचकूला जिले से रविवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। रायपुररानी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले टाबर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक बीसीए छात्रा भी शामिल है। वहीं कार में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसा इतना खौफनाक था कि कार के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब ढाई बजे की है। कार में कुल 5 लोग सवार थे और वे पंचकूला की तरफ आ रहे थे। बताया जा रहा है कि मृतका दिव्या बीसीए (BCA) की पढ़ाई कर रही थी और उसके दोस्त देर रात उसे घर छोड़ने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार टाबर गांव के पास पहुंची, तभी हाईवे पर आगे चल रहे ट्रक ने गांव की तरफ टर्न लिया। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे ट्रक के तेल टैंक के पास जाकर जोर से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के सभी एयरबैग खुल गए, लेकिन आगे की सीटों पर बैठे दोनों युवकों और युवती की मौके पर ही सांसें थम गईं। गनीमत यह रही कि कार ट्रक के तेल टैंक से टकराने के बावजूद उसमें आग नहीं लगी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शहजादपुर निवासी दिव्या, पंचकूला सेक्टर-19 निवासी संदीप और सेक्टर-26 निवासी मोहर के रूप में हुई है। वहीं घायलों में पंचकूला सेक्टर-19 निवासी ऋषि और पंजाब के डेराबस्सी निवासी पुष्कर शामिल हैं। स्थानीय अस्पताल पहुंचे पुलिस बल ने घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) सेक्टर-32, चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे की जानकारी मिलते ही रायपुररानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और उनके परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

रायपुररानी थाने के एसएचओ प्रीतम सिंह ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और मौके के मुआयने के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के सटीक कारणों की तफ़्तीश की जा रही है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *