मणिपुर के तामेंगलॉन्ग में फिर भड़की हिंसा: 4 लोगों की मौत, 6 साल का बच्चा घायल

0

मणिपुर के तामेंगलोंग और नोनी जिलों में उग्रवादियों के हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस ने रविवार को बताया कि तामेंगलोंग में तड़के करीब चार बजे गोलीबारी की गई, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। इसके 12 घंटे बाद गोलीबारी की दूसरी घटना में भी दो लोगों की जान चली गई।
मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इन हत्याओं पर दुख जताते हुए कहा कि निर्दोष नागरिकों के खिलाफ हिंसा कायरतापूर्ण कृत्य है। यह अस्वीकार्य है। ये हत्याएं ब्लैक डे को हुईं। राज्य में पिछली सदी के आखिरी दशक में कुकी-नागा संघर्ष के पीड़ितों की याद मणिपुर में कुकी समुदाय हर साल 13 सितंबर को ब्लैक डे मनाता है।

उग्रवादियों ने तड़के करीब चार बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-37 के पास तामेंगलोंग जिले के टालेन कुकी गांव पर अंधाधुंध गोलीबारी की। गोलीबारी में महिला की उनके घर में मौत हो गई। महिला की पहचान लिंगनई सिंगसिट के तौर पर हुई है। इस हमले में उनके पति सेनेइह सिंगसिट और उसका बेटा घायल हो गए।

सुरक्षाबल गांव पहुंचे और घायलों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई। पड़ोसी राज्य असम के सिलचर में अस्पताल ले जाते समय सेनेइह की मौत हो गई।कैमाई ग्राम प्राधिकरण ने हमले की निंदा करते हुए इसे वैमनस्य और विभाजन पैदा करने का जानबूझकर किया गया दुर्भावनापूर्ण प्रयास बताया।

ग्राम प्राधिकरण ने अधिकारियों से निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और उन्हें न्याय के कठघरे में लाने का आग्रह किया। गोलीबारी की दूसरी घटना में, नंगबा पुलिस स्टेशन के इलाके में लोंगपी गांव में दोपहर करीब 3:30 बजे हथियारबंद उग्रवादियों ने एक महिला समेत दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतकों की पहचान जूली गैंगटे और आर गैंगटे के तौर पर हुई है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर