नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेल सेवाएं प्रभावित, 13 सितंबर तक यात्रियों को परेशानी
उत्तर रेलवे ने परिचालन संबंधी कारणों के चलते 11 सितंबर से 13 सितंबर 2026 के बीच कई प्रमुख पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के परिचालन में बड़ा बदलाव किया है। इस अवधि के दौरान नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, गाजियाबाद, पलवल और आसपास के रेल मंडलों से गुजरने वाली कई ट्रेनों को रद्द, डायवर्ट (मार्ग परिवर्तित), री-शेड्यूल और आंशिक रूप से निरस्त किया गया है। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस निर्णय से दैनिक यात्रियों के साथ-साथ लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होगी।
रेलवे द्वारा जारी संचालन योजना के अनुसार, नई दिल्ली से छूटने वाली कई वीआईपी और प्रीमियम ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। नई दिल्ली से रांची, डिब्रूगढ़, सीलदाह, हावड़ा और भुवनेश्वर जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनें 11 से 13 सितंबर के दौरान साहिबाबाद, पुरानी दिल्ली और दिल्ली शाहदरा के वैकल्पिक मार्गों से होकर चलेंगी। इसके अलावा संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस, श्रमजीवी एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस और स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण सुपरफास्ट ट्रेनों को भी बदले हुए रास्तों से चलाया जाएगा।
लंबी दूरी की कई प्रमुख ट्रेनों के समय में भी फेरबदल किया गया है। नई दिल्ली से प्रस्थान करने वाली हैदराबाद एक्सप्रेस, ग्रैंड ट्रंक (GT) एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस और तेजस राजधानी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 20 मिनट से लेकर 2 घंटे तक की देरी से रवाना होंगी। इसके साथ ही अमृतसर से चलने वाली पश्चिम एक्सप्रेस और सचखंड एक्सप्रेस के समय को भी री-शेड्यूल किया गया है, जबकि कई ट्रेनों को साहिबाबाद, पलवल और दुरिया सेक्शन में कुछ समय के लिए रेगुलेट (रोककर) चलाया जाएगा।
उत्तर रेलवे ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए अपील की है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले ट्रेनों की सही और अद्यतन स्थिति अवश्य जांच लें। यात्री किसी भी ट्रेन की वर्तमान स्थिति जानने के लिए रेलवे के नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) ऐप, आधिकारिक वेबसाइट या फिर रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं।
