हरियाणा पुलिस में देर रात बड़ा फेरबदल, 29 IPS समेत 30 अफसर बदले, देखें पूरी लिस्ट
हरियाणा सरकार ने देर रात पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 29 IPS और एक HPS समेत 30 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं. इस बदलाव में करनाल, भिवानी, पानीपत, पलवल और नारनौल समेत कई जिलों के एसपी बदले गए हैं. गृह विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी सुधीर राजपाल की ओर से तबादला आदेश जारी किए गए.
करनाल के IG और SP बदले:करनाल में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला है. करनाल रेंज के IG अशोक कुमार और SP नरेंद्र बिजारणिया दोनों का तबादला कर दिया गया है. बिजारणिया को स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का SP बनाया गया है. वहीं करनाल के नए SP की जिम्मेदारी IPS करण गोयल को सौंपी गई है.

करनाल में बीरू वाल्मीकि हत्याकांड के बाद हुए डबल एनकाउंटर को लेकर विवाद खड़ा हुआ था. एनकाउंटर में हर्ष और बीरबल नाम के युवकों के मारे जाने के बाद रोड समाज ने इसे फेक एनकाउंटर बताते हुए विरोध किया था. समाज की ओर से लगातार करनाल SP के तबादले की मांग की जा रही थी. अब नरेंद्र बिजारणिया के STF तबादले के बाद पुलिस महकमे में इसे अहम बदलाव माना जा रहा है.
अश्विन बने करनाल रेंज के IG: 2006 बैच के IPS अश्विन की केंद्र सरकार से वापसी के बाद उन्हें करनाल रेंज का नया IG बनाया गया है. उन्हें हरियाणा आर्म्ड पुलिस, मधुबन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है. वहीं 2006 बैच के IPS अशोक कुमार को पुलिस ट्रेनिंग सेंटर सुनारिया की जिम्मेदारी दी गई है.
पुलिस विभाग में STF को भी मजबूत किया गया है. IPS नरेंद्र बिजारणिया और IPS सुमित कुमार को STF में SP नियुक्त किया गया है. भिवानी के SP रहे सुमित कुमार का तबादला CBI की क्लोजर रिपोर्ट के बाद हुआ है. वह लेडी टीचर मनीषा की मौत के बाद बने विवाद के दौरान भिवानी में तैनात किए गए थे.
पानीपत, भिवानी और पलवल में नए SP: 2020 बैच की IPS दीप्ति गर्ग को पानीपत का SP बनाया गया है. वहीं IPS मयंक मिश्रा को भिवानी और मेधा भूषण को पलवल का SP नियुक्त किया गया है. नारनौल की कमान IPS प्रबीना पी को सौंपी गई है. इससे इन जिलों में भी पुलिस प्रशासन का नया नेतृत्व देखने को मिलेगा.
वरिष्ठ अफसरों को अतिरिक्त जिम्मेदारी:1998 बैच के IPS विकास अरोड़ा को पंचकूला ADGP के साथ स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. 1997 बैच के IPS अमिताभ सिंह ढिल्लों को ADGP के साथ ट्रैफिक एवं हाईवे की अतिरिक्त जिम्मेदारी मिली है. वहीं IPS संदीप खिरवार को CRPF में ADG से पदोन्नत कर स्पेशल डायरेक्टर जनरल बनाया गया है.
प्रशासनिक स्तर पर बड़ा संदेश: 30 अधिकारियों के इस व्यापक फेरबदल को हरियाणा पुलिस प्रशासन में बड़े स्तर के बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. खासतौर पर करनाल में IG और SP दोनों की बदली तथा दो अधिकारियों की STF में नियुक्ति महत्वपूर्ण मानी जा रही है.
