‘देश के जवान भाई, मुझे माफ कर दो’, ‘We are Gen Z’ कहने वाली पर्यटक ने सेना से मांगी माफी
लद्दाख में एक चेकपोस्ट पर सुरक्षा कर्मियों से बहस करने वाली पर्यटक ने अब भारतीय सेना के जवानों से माफी मांगी है। कुछ दिन पहले उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह ट्रैफिक रोके जाने को लेकर सुरक्षा कर्मियों से बहस करती और खुद को ‘Gen Z’ बताते हुए कहती नजर आई थी। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने अपने व्यवहार पर अफसोस जताया और सीधे सेना के जवानों से माफी मांगी। उसने कहा, ‘कृपया मेरे देश के जवान भाई, मुझे माफ कर दो।’ महिला ने कहा कि चेकपोस्ट पर जो कुछ हुआ, वह उसकी गलती थी और उसे इसका पछतावा है।
‘आपकी वजह से हम सुरक्षित सोते हैं’
माफी मांगते हुए पर्यटक ने भारतीय सेना के जवानों की भूमिका की भी तारीफ की। उसने कहा कि सेना के जवान देश की सीमाओं पर तैनात रहते हैं, ताकि देश के लोग सुरक्षित रहें और चैन से सो सकें। उसने कहा,
‘हम लोग निराशा और गुस्से में आकर कुछ भी बोल देते हैं, लेकिन आप हमें कभी कुछ नहीं कहते।’
महिला ने भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर सेना से भी माफी मांगी। उसने जवानों से कहा कि वे उसे ‘अपनी छोटी बहन समझकर माफ कर दें।’ उसका कहना है कि उसे अपनी गलती का एहसास काफी जल्दी हो गया था।
