हिमाचल : चंबा में मणिमहेश यात्रा पर जा रही थार पर गिरा पत्थर, एक श्रद्धालु की मौत

0

चंबा-भरमौर मार्ग पर बग्गा के आगे बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की थार गाड़ी पर अचानक पहाड़ी से भारी पत्थर आ गिरा। पत्थर सीधे वाहन के सनरूफ पर गिरने से उसमें सवार एक श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार चार अन्य श्रद्धालु सुरक्षित बच गए।

मृतक की पहचान माखन सिंह (40) पुत्र शरवन सिंह, निवासी गांव मलियां, डाकघर गढ़दीवाल, तहसील गढ़दीवाल, जिला होशियारपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। हादसा बुधवार तड़के करीब तीन बजे हुआ।

थार वाहन में कुल पांच श्रद्धालु सवार होकर मणिमहेश यात्रा के लिए भरमौर की ओर जा रहे थे। चंबा भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बग्गा के समीप अचानक पहाड़ी से एक विशाल पत्थर वाहन के ऊपर आ गिरा। पत्थर के सीधे सनरूफ पर गिरने से माखन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य चार श्रद्धालु बाल-बाल बच गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से संवेदनशील मार्गों पर अत्यधिक सावधानी बरतने तथा मौसम और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *