हिमाचल के नाहन में भारी बारिश का ‘ऑरेंज अलर्ट’, स्कूल-कॉलेज बंद
हिमाचल प्रदेश में सिरमौर जिले के नाहन उपमंडल में भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर बुधवार को स्कूल, कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्रों समेत सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रखने का आदेश दिया गया है।
नाहन के उपमंडलीय मजिस्ट्रेट राजीव सांख्यान ने मंगलवार रात जारी एक आदेश में कहा कि शिमला स्थित मौसम विज्ञान विभाग ने सिरमौर के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।
उन्होंने कहा कि जिले में भारी से अत्यधिक भारी बारिश आने, गरज के साथ बौछारें पड़ने और बिजली गिरने की आशंका है जिससे अचानक बाढ़, भूस्खलन और मौसम से जुड़ी अन्य घटनाएं हो सकती हैं तथा जान-माल को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
आदेश में कहा गया, ‘‘सड़कों की मौजूदा स्थिति, बारिश के पूर्वानुमान और सार्वजनिक परिवहन को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों समेत नाहन उपमंडल के सभी सरकारी और निजी शैक्षणिक संस्थान 29 जुलाई को बंद रहेंगे।’’
हालांकि, शैक्षणिक संस्थानों में पहले से निर्धारित परीक्षाएं तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी।
आदेश में कहा गया, ‘‘सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों को विद्यार्थियों की सुरक्षा के हित में इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।’’
