हरियाणा में दो दिन जमकर होगी बारिश, IMD ने जारी की चेतावनी

0

हरियाणा में IMD ने अगले दो दिनों तक तेज बारिश की चेतावनी जारी की है. मंगलवार सुबह से यमुनानगर में लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिली है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान अच्छी बारिश हो सकती है. हालांकि मानसून का आधा सीजन बीत जाने के बावजूद राज्य में अब तक सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज की गई है.

आधे मानसून सीजन में 27% कम बारिश: 1 जून से 26 जुलाई 2026 तक हरियाणा में कुल 134.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जो सामान्य से 27 प्रतिशत कम है. जुलाई महीने में भी बारिश का सिलसिला कमजोर बना रहा. इस महीने अब तक 95.8 मिमी वर्षा दर्ज हुई है, जबकि सामान्य औसत 130.2 मिमी है. यानी जुलाई में भी करीब 26 प्रतिशत कम बारिश हुई है. इससे खेती और जल स्रोतों पर असर पड़ने की आशंका बनी हुई है.

मौसम विभाग के आंकड़ों की मानें तो महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, भिवानी, फतेहाबाद, कुरुक्षेत्र, करनाल और चरखी दादरी जैसे जिलों में सामान्य या उससे अधिक बारिश दर्ज की गई है. महेंद्रगढ़ में 185.7 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से 3 प्रतिशत अधिक है. वहीं रेवाड़ी में 173 मिमी, चरखी दादरी में 175 मिमी और पलवल में 168.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. दूसरी ओर कई जिलों में अब भी बारिश का बड़ा घाटा बना हुआ है.

जींद और सिरसा में सबसे ज्यादा बारिश की कमी: प्रदेश में सबसे खराब स्थिति जींद और सिरसा की बनी हुई है. जींद में अब तक केवल 65.2 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 62 प्रतिशत कम है. सिरसा में 42.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 62 प्रतिशत कम है. इसके अलावा रोहतक और अंबाला में 61-61 प्रतिशत, कैथल में 47 प्रतिशत, सोनीपत में 38 प्रतिशत, हिसार में 35 प्रतिशत और यमुनानगर में 34 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि अगले दो दिनों की बारिश से कुछ जिलों में यह कमी आंशिक रूप से कम हो सकती है.

सोनीपत सबसे गर्म: प्रदेश के अधिकतम तापमान में सोमवार को औसतन 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस सोनीपत के कैनाल रेस्टहाउस सरगथल में रिकॉर्ड हुआ. हिसार में 38.6 डिग्री, भिवानी में 38.5 डिग्री, रोहतक में 38.2 डिग्री और फरीदाबाद के बोपानी में 38.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी रही. सबसे कम न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस महेंद्रगढ़ के नारनौल में दर्ज किया गया, जबकि सिरसा में सबसे अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *