हरियाणा और पंजाब में बदला मौसम का मिजाज, गरज के साथ सुबह-सुबह हुई बारिश, चंडीगढ़ में भी बरसे मेघ
चंडीगढ़: पंजाब और हरियाणा में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलता हुआ दिख रहा है। पिछले दो दिन से कड़ी धूप के बाद शुक्रवार सुबह-सुबह कई जिलों में गजर के साथ बारिश हुई। बारिश के चलते एक बार फिर से मौसम ठंडा हो गया है। तापमान में एक बार फिर से गिरावट देखने को मिली है। वहीं चडीगढ़ में आज सुबह लगभग 2 बजे से बारिश शुरू हुई। हालांकि 6 बजे तक बारिश रुक गई। चंडीगढ़ में भी बीते दो दिनों से तेज धूप निकल रही थी। बारिश के बाद एक बार फिर से अब ठंड का अहसास हो रहा है।
पंजाब और हरियाणा में पिछले कल दिन में लोगों को गर्मी महसूस हुई तो शाम होते होते ठंड का अहसास जारी रहा। बृहस्पतिवार को पंजाब के होशियारपुर जिले में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, होशियारपुर पंजाब का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार, अमृतसर में भी भीषण ठंड की स्थिती बनी रही, जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि बठिंडा में यह पांच डिग्री सेल्सियस रहा। इसी के साथ, गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री दर्ज किया गया जबकि लुधियाना और पटियाला में यह क्रमशः 4.4 डिग्री और 5.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, पड़ोसी राज्य हरियाणा के भिवानी में भी भीषण ठंड रही, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, करनाल में न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि हिसार में यह 4.6 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। इसके अलावा, अंबाला में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री, गुरुग्राम में 7.8 डिग्री सेल्सियस रहा जबकि रोहतक और नारनौल में यह क्रमशः 6.8 डिग्री और छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
