दिल्ली-NCR में 2 दिन आंधी के साथ बारिश की चेतावनी, हरियाणा के 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी

दिल्ली में एक बार फिर से बारिश का मौसम शुरू हो गया है। इससे राजधानी दिल्ली के लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में बिजली चमकने के साथ आंधी-तूफान चलने वाला है। इस दौरान बारिश होने की भी संभावना है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। इससे हवा में नमी देखने को मिलेगी, जिससे तापमान में गिरावट हो सकती है।
मौसम विभाग की मानें, तो गुरुवार के अलावा शुक्रवार को मौसम ऐसा ही रहेगा। बता दें कि बीते बुधवार की शाम को दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हुई। इस दौरान कुछ जगहों पर ओले भी गिरे। दिल्ली के अलावा नोएडा और गाजियाबाद में भी बारिश देखने को मिली।
दिल्ली में 8-9 मई को आंधी तूफान की चेतावनी
दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान के साथ बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग की ओर से 8 और 9 मई को दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई इलाकों में हल्की और मध्यम बारिश भी सकती है। साथ ही हवाएं भी तेज रफ्तार से चलेंगी। मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार (9 मई) को दिल्ली में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। इसके चलते शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।
हरियाणा के 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी
हरियाणा में इस हफ्ते मौसम विभाग में काफी उतार-चढ़ाव होने वाला है। आज के मौसम की बात करें, तो हरियाणा के कई जिलों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। हरियाणा के मौसम विभाग की ओर से आज (गुरुवार) को प्रदेश के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, गुरुग्राम और फरीदाबाद शामिल हैं। इस दौरान तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।
प्रदेश के इन 10 जिलों में आज धूल भरी आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की संभावना है। हालांकि अगले दिन यानी शुक्रवार को मौसम साफ रहेगा। बता दें कि बीते बुधवार को हरियाणा के सिरसा जिले में सबसे अधिक तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, करनाल जिले में सबसे कम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।