वोटर अधिकार यात्रा: राहुल गांधी इस दिन मोकामा और लखीसराय होते हुए मुंगेर जाएंगे, जहां भव्य स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।

मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण के विरोध में आयोजित वोट अधिकार यात्रा के तहत कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव 21 अगस्त को मुंगेर आएंगे। महागठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे।
इस यात्रा की सफलता को लेकर रविवार को तिलक मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक पासवान की अध्यक्षता में महागठबंधन के घटक दलों की बैठक हुई।
इसमें मुख्य रूप से जमालपुर विधानसभा के डॉ. अजय कुमार सिंह शामिल हुए। निर्णय लिया गया कि वोट अधिकार यात्रा के क्रम में मुंगेर पहुंचने पर महागठबंधन के घटक दलों के कार्यकर्ता राहुल गांधी और तेजस्वी यादव का भव्य स्वागत करेंगे तथा अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल होकर घर-घर दस्तक देकर लोगों तक पहुंचेंगे।
बैठक में वोट अधिकार यात्रा की प्रभारी अर्चना रविदास, कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष इनामुल हक, देवराज सुमन, मनोज यादव, अखिलेश सिंह, राजद के मुंगेर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी अविनाश कुमार विद्यार्थी उर्फ मुकेश यादव, विनय कुमार सुमन, अनिल कुमार भूषण, बबीता भारती आदि शामिल थे।