हरियाणा विधायक दल की बैठक : केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित व मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव मौजूद, नायब सैनी ही बनेंगे CM

0

हरियाणा में विधायक दल का नेता चुनने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिर्वाचित विधायकों की बुधवार को यहां पार्टी कार्यालय में बैठक हो रही है। बैठक में हिस्सा ले रहे विधायकों में राम कुमार गौतम, श्रुति चौधरी, अनिल विज, कृष्ण लाल पंवार, मूल चंद शर्मा, अरविंद शर्मा और देवेंद्र अत्री और अन्य के नाम शामिल हैं। केंद्रीय नेतृत्व के ऑब्जर्वर गृह मंत्री अमित शाह और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी मीटिंग में मौजूद हैं। बैठक में ये विधायक नए नेता का चयन करेंगे। मार्च महीने में मनोहर लाल खट्टर की जगह हरियाणा के मुख्यमंत्री बने नायब सिंह सैनी राज्य विधानसभा चुनावों में भाजपा के मुख्यमंत्री पद का चेहरा थे और उनके मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने की पूरी संभावना है। हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे आठ अक्टूबर को घोषित किए गए। राज्य में भाजपा ने तीसरी बार जीत हासिल की है। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 48 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 37 सीटें प्राप्त की हैं।

विज ने वापिस ली सीएम की दावेदारी

शपथ ग्रहण समारोह बृहस्पतिवार को होगा। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। वैसे तो हरियाणा में चुनाव से पहले ही नायब सिंह सैनी को CM चेहरा घोषित कर दिया गया था। मगर, अनिल विज ने भी अपने वरिष्ठ होने का हवाला देकर दावेदारी पेश की थी। हालांकि आज मीटिंग में पहुंचे विज ने कहा कि मेरी दावेदारी नहीं है। पार्टी का जो भी फैसला होगा, उसे मानूंगा। वहीं अहीरवाल बेल्ट भी CM की कुर्सी मांग रही है। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का नाम सामने रखा है। सीएम पद पर फैसला होने के बाद आज ही सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। कल गुरुवार को 11 बजे शपथ ग्रहण होगा। पंचकूला के शालीमार ग्राउंड में शपथ के लिए बड़ा मंच तैयार किया जा रहा है। इसमें PM नरेंद्र मोदी समेत भाजपा और NDA के सहयोगी दलों के शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत 37 नेता मौजूद रहेंगे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *