चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से हिमाचल प्रदेश के दो नशा तस्कर गिरफ्तार, 15.84 किलो चरस बरामद
पंचकूला: राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) हरियाणा ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर दो नशा तस्करों को काबू करने में कामयाबी हासिल की है. गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से जीआरपी पुलिस को 15.84 किलोग्राम चरस का नशा बरामद हुआ है. बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग तीस लाख रुपये आंकी गई है.
ट्रॉली बैग से बरामद हुई चरस: एसपी जीआरपी नितिका गहलोत ने बताया कि रेलवे स्टेशन चंडीगढ़ पर सुरक्षा एवं सतर्कता के मद्देनजर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसमें थाना प्रबंधक निरीक्षक उर्मिला देवी के नेतृत्व में गठित टीम, जिसमें उप-निरीक्षक सत्यबीर सिंह, हेड कांस्टेबल मंजीत सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर दो युवकों को रोका. तलाशी लेने पर आरोपियों के ट्रॉली बैग से 31 पैकेट चरस बरामद हुए, जिनका कुल वजन 15 किलो 84 ग्राम पाया गया.
आरोपियों की पहचान: पूछताछ में आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय राहुल निवासी गांव चौगां, तहसील कुल्लू, थाना भुंतर, जिला कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) और रमजान निवासी गांव राहदर, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है. दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना जीआरपी चंडीगढ़ में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया और आगामी पूछताछ के लिए अदालत से आरोपियों का रिमांड हासिल किया गया है. जीआरपी चंडीगढ़ अब आरोपियों के लिंक और उनके पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है, ताकि मुख्य सप्लायर एवं नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके.
डीजीपी ने सराहा ऑपरेशन: हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने जीआरपी चंडीगढ़ की टीम की सराहना करते हुए कहा कि, “हरियाणा पुलिस नशा तस्करी के विरुद्ध “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर दृढ़तापूर्वक काम कर रही है. रेलवे मार्गों के माध्यम से अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है. ऐसे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए अंतरराज्यीय समन्वय को और मजबूत करने की दिशा में प्रयास जारी हैं.” डीजीपी ने टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार ड्यूटी के लिए प्रेरित किया.
