हरियाणा कृषि यूनिवर्सिटी में PhD छात्रा से छेड़छाड़, दो असिस्टेंट प्रोफेसर सस्पेंड

0

 चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के बायोटेक्नोलाजी विभाग में पीएचडी कर रही एक छात्रा ने विश्वविद्यालय के दो असिस्टेंट प्रोफेसरों पर छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

शिकायत मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित असिस्टेंट प्रोफेसर अजीव सांगवान और नवीन कौशिक को निलंबित कर दिया है। छात्रा ने आरोप लगाया कि उसे लंबे समय से परेशान किया जा रहा था और वॉट्सएप के माध्यम से आपत्तिजनक संदेश भी भेजे गए।

छात्रा ने पहले बायोटेक्नोलाजी विभाग के डीन प्रो. केडी शर्मा को इसकी शिकायत दी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर वह सीधे कुलपति (वीसी) से मिली और आपबीती बताई। कुलपति ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तुरंत दोनों आरोपित असिस्टेंट प्रोफेसरों को निलंबित कर दिया और मामले की निष्पक्ष जांच के लिए जांच समिति का गठन किया।

समिति द्वारा शिकायत से संबंधित सभी तथ्यों की जांच की जा रही है, जिसमें सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद समिति अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपेगी। मामला सामने आने के बाद पूरे विश्वविद्यालय परिसर में इसकी चर्चा है। बताया जा रहा है कि आरोपित असिस्टेंट प्रोफेसर अजीव इसी विश्वविद्यालय का पूर्व छात्र भी रह चुका है।

इस संबंध में आरोपित अजीव से बात करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने न कॉल रिसीव की व न ही मैसेज का जवाब दिया। वहीं, दूसरे आरोपित का नंबर किसी से नहीं मिल पाया। विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रवक्ता ने बताया कि छात्रा की शिकायत प्राप्त होते ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए दोनों असिस्टेंट प्रोफेसर अजीव सांगवान और नवीन कौशिक को निलंबित कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई के लिए जांच समिति गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *