पंजाब में बारिश से अभी नहीं मिलेगी राहत, दो दिन तक झमाझम बरसेंगे बादल; मौसम विभाग की चेतावनी जारी

लुधियाना। पंजाब में सावन माह में लगातार वर्षा हो रही है। मंगलवार को कई जिलों में भारी वर्षा हुई। इससे अधिकांश जिलों में दिन का तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। बठिंडा में कुछ ही घंटे में रिकॉर्ड 112.6 मिलीमीटर वर्षा हुई।
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार और वीरवार को चंडीगढ़, बठिंडा, लुधियाना, होशियारपुर, रूपनगर, फरीदकोट, फिरोजपुर, मोगा, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा हो सकती है। विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
श्री मुक्तसर साहिब में निकासी नाले ओवरफ्लो हैं। इस कारण निर्माणाधीन मुक्तसर-फिरोजपुर हाईवे पर यातायात के लिए गांव बूड़ा गुज्जर में बनाया गया अस्थायी रास्ता बह गया। चालकों को घूमकर आना पड़ रहा है। हिमाचल में मानसून में अभी तक 106 लोगों की मौत हो चुकी है। 384 मकान क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। वर्षा व भूस्खलन के कारण 199 सड़कें बंद हैं, जिन्हें खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राजस्थान के कई क्षेत्रों में भारी वर्षा के कारण बाढ़ की स्थिति है। बिजली गिरने व डूबने से 22 लोगों की मौत हो चुकी है। पाली और कोटा के स्कूल अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं। कोटा की चंबल नदी और पाली में भारी वर्षा के बीच पानी के तेज बहाव से मगरमच्छ सड़क पर आ गए हैं।