आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है- भगवंत मान

पहलगाम हमले का बदला लेने के लिए भारत ने पाकिस्तान और पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम दिया है। जिसमें 100 से ज्यादा आतंकियों के मारे जाने की खबर है। यह हमला भारतीय सेना द्वारा मंगलवार देर रात को किया गया। इस ऑपरेशन का नाम सिंदूर रखा गया।
इस सर्जिकल स्ट्राइक पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में पूरा देश एकजुट है। हमें अपनी भारतीय सेना और अपने बहादुर सैनिकों पर गर्व है। 140 करोड़ देशवासी भारतीय सेना के साथ खड़े हैं। पंजाब के लोग देश की सेना के साथ खड़े हैं और सैनिकों के साहस और उत्साह के लिए उनका समर्थन करते हैं।
भारतीय सेना ने जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के ठिकानों पर बड़ा हमला किया है। इन आतंकवादी संगठनों के अड्डे नष्ट कर दिए गए हैं। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान ने पीओके से अपना बोरिया-बिस्तर समेटना शुरू कर दिया। हमले के डर से यहां करीब 1,000 होटल और मदरसे बंद कर दिए गए। अजान भी लाउडस्पीकर के बिना दी जा रही थी।
पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक जनरल चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देगा। हालांकि, इस हमले में हुए नुकसान की जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।