विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण — ज्ञानचंद गुप्ता
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण — ज्ञानचंद गुप्ता
_पूर्व स्पीकर ने विकसित भारत युवा संसद में भरा जोश, कहा— युवा ही देश की असली ताकत_
पंचकूला : सेक्टर–1 स्थित गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय विकसित भारत युवा संसद 2026 उत्साह, ऊर्जा और प्रभावशाली विचारों से सराबोर रहा।
यह आयोजन भारत सरकार के अंतर्गत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत, पंचकूला के माध्यम से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा के पूर्व स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आज का युवा जागरूक, ऊर्जावान और संकल्पित है, जो देश को नई दिशा देने की क्षमता रखता है। युवा केवल भविष्य नहीं, वर्तमान की शक्ति हैं, उनके इन शब्दों ने सभागार में उपस्थित प्रतिभागियों में उत्साह का संचार कर दिया।

कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शैलजा छाबड़ा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि युवा संसद जैसे मंच विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक परंपराओं की समझ, तार्किक चिंतन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतियोगिता में पंचकूला जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिभागियों ने ओजस्वी और तथ्यपूर्ण प्रस्तुतियों से सभी को प्रभावित किया। निर्णायक मंडल में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी विनय वत्स, गवर्नमेंट कॉलेज रायपुररानी के असिस्टेंट प्रोफेसर सुनील दत्त, डॉ. जोगिंदर, सेक्टर–1 महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. सुभाष तथा वरिष्ठ पत्रकार श्री राजेश मलकानिया शामिल रहे। उन्होंने प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके तर्क, अभिव्यक्ति शैली और विषय की गहन समझ के आधार पर किया।
प्रतियोगिता परिणामों में एम.ए. प्रथम वर्ष के छात्र मोंटी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान बी.कॉम प्रथम वर्ष के छात्र दृश्य चंदेल ने हासिल किया, जबकि तृतीय स्थान पत्रकारिता विभाग के छात्र अंकुश को प्राप्त हुआ। चौथे स्थान पर गवर्नमेंट पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज फॉर विमेंस की बी.ए. अंतिम वर्ष की छात्रा खुशी रहीं और पांचवां स्थान सेक्टर–1 कॉलेज की छात्रा भूमिप्रिया ने प्राप्त किया।
ये सभी विजेता प्रतिभागी हरियाणा विधानसभा में आयोजित होने वाली आगामी राज्य स्तरीय विकसित भारत युवा संसद में पंचकूला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला स्तरीय युवा संसद के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में संवाद कौशल, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को सशक्त बनाना है।
कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को प्रमाण-पत्र, स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए तथा आयोजन की सफलता के लिए सभी अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया।
