रील बनाने का जुनून पड़ा भारी, हरियाणा में नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत; कहीं फंस न जाएं दोस्त भी रहे चुप

0

फतेहगढ़ पुल के पास रविवार को सोम नदी में डूबने से जिन दो किशोरों की मौत हुई उनकी शिनाख्त हो गई है। दोनों त्यागी गार्डन निवासी 15 वर्षीय संजू उर्फ सुभाष व 16 वर्षीय आदिल हैं।

यह अपने तीन अन्य दोस्तों राहुल, शिव व रोकी के साथ सोम नदी पर रील बनाने गए थे। यहां पर वह नदी में नहाने लगे और कुंड में आदिल व संजू डूब गए। इसके बाद उनके तीनों दोस्त वहां से भाग गए। घबराकर उन्होंने घर पर भी किसी को कुछ नहीं बताया।

सोमवार को जब वह स्कूल से लौटे तो उन्होंने परिवार को दोनों किशोरों के डूबने की कहानी बताई। इसके बाद स्वजन ने पोस्टमार्टम हाउस पर जाकर शिनाख्त की।

रोकी व शिव ने बताया कि वह रील बनाते हैं। पिछले रविवार को भी सोम नदी पर रील बनाने गए थे। इस बार भी स्कूल की छुट्टी थी तो संजू, आदिल व राहुल के साथ गए। नेहरू पार्क के पास रील बनाना था लेकिन संजू व राहुल जिद करने लगे और सोम नदी पर चलने को कहा।

सभी दोस्त साइकिल पर लगभग साढ़े 10 बजे सोम नदी पर पहुंच गए। वहां संजू, आदिल व राहुल नदी में नहाने लगे। उन्हें रोका कि यहां गहराई है। लोग डूब चुके हैं।

यहां तक कि संजू को खींचकर भी लाए लेकिन वह फिर से नदी में कूद गया। वहां कुछ अन्य युवक भी नहा रहे थे। इसी दौरान संजू, आदिल व एक युवक डूबने लगे। उन्हें डूबता देख शोर मचाया।

आसपास के लोग एकत्र हुए। चार लोग उन्हें निकालने के लिए नदी में कूदे लेकिन वह भी गहराई में डूबने लगे तो बाहर निकल आए। मृतक संजू के चार बड़े भाई व दो बहनें हैं। संजू गोबिंदपुरा स्थित राजकीय स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था।

वहीं, आदिल के पिता कुरबान मजदूरी करते हैं। वह पढ़ाई भी नहीं करता था। रविवार को सोम नदी से एक और किशोर का शव मिला था। उसकी शिनाख्त बूड़िया निवासी 15 वर्षीय पवन के रूप में हुई थी।

रोकी का कहना है कि राहुल ने कह दिया था कि किसी को इस बारे में नहीं बताना है। यदि बताया तो खुद फंस जाएंगे। इसके बाद किसी को कुछ नहीं बताया। सोमवार को स्कूल गए। वहां से दोपहर साढ़े 12 बजे लौटे तो संजू के परिवार को रोता देखा। उसकी मां व भाई परेशान थे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *