मुंबई: भारी बारिश के कारण तितर-बितर हुए आजाद मैदान में अनशन कर रहे मराठा आंदोलनकारी

0

मुंबई में शुक्रवार सुबह कुछ समय के लिए हुई भारी बारिश के कारण आजाद मैदान और उसके बाहर मराठा आरक्षण आंदोलनकारियों को असुविधा हुई। कार्यकर्ता मनोज जरांगे के आंदोलन के लिए शहर आए कई प्रदर्शनकारी भीगने से बचने के लिए छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर भागे जबकि अन्य लोग सीएसएमटी मेट्रो के सबवे के अंदर और पास के बस स्टॉप पर शेड के नीचे खड़े हो गए। बारिश पूर्वाह्न करीब 11:30 बजे शुरू हुई और करीब 10 मिनट तक तेजी से होती रही। हालांकि, मराठा समुदाय के कई सदस्य बारिश का सामना करते हुए प्रदर्शन स्थल पर डटे रहे। प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों पर आरोप लगाया कि यह जानते हुए भी कि बड़ी संख्या में लोग आजाद मैदान पहुंचेंगे, उन्होंने कोई व्यवस्था नहीं की। भारी बारिश के बाद हल्की बूंदाबांदी होती रही। अधिकारियों ने बताया कि शहर के अन्य हिस्सों में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार सुबह से अगले 24 घंटे के लिए “शहर और उपनगरों में मध्यम बारिश होने और बादल छाए रहने” का अनुमान जताया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह आठ बजे से पहले के 24 घंटों में मुंबई में औसतन 20.36 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों में क्रमशः 17.55 मिलीमीटर और 14.68 मिलीमीटर बारिश हुई।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *