नायब सरकार का भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन, अतिरिक्त कृषि निदेशक निलंबित

नायब सरकार ने भ्रष्टाचार पर बड़ा एक्शन लेते हुए भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किए गए अतिरिक्त कृषि निदेशक और हरियाणा राज्य बीज प्रमाणीकरण एजेंसी के निदेशक जगदीप सिंह बराड़ को निलंबित किया है। निलंबन आदेश 28 फरवरी से लागू होंगे, जिस दिन उन्हें राज्य अपराध शाखा ने गिरफ्तार किया था। मुख्यमंत्री नायब सैनी के निर्देशानुसार कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरू ने जगदीप सिंह बराड़ के निलंबन आदेश जारी कर दिए हैं। अतिरिक्त कृषि निदेशक और हरियाणा राज्य बीज प्रमाणीकरण एजेंसी का अतिरिक्त कार्यभार संभाल रहे जगदीप सिंह के खिलाफ पंचकूला पुलिस स्टेशन में 21 जून 2018 को विभिन्न आरोपों में केस दर्ज किया गया था। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विगत 28 फरवरी को पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम 2016 के नियम 5(2)(ए) के प्रविधान के अनुसार राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने बराड़ को निलंबित करने की अनुमति दे दी है। निलंबन के दौरान बराड़ मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें छह महीने तक आधा वेतन दिया जाएगा। यदि निलंबन की अवधि छह महीने से अधिक हो जाती है तो भत्ते की दर पर पुनर्विचार किया जाएगा। निर्वाह भत्ता तभी दिया जाएगा, जब वह इस आशय का प्रमाणपत्र प्रस्तुत करेंगे कि वह किसी अन्य रोजगार, व्यवसाय, पेशे या व्यवसाय में संलग्न नहीं हैं।