कांगड़ा एयरपोर्ट पर संदिग्ध नीला बैग मिलने से हड़कंप, 3 घंटे तक उड़ानें रहीं ठप
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा एयरपोर्ट पर सुबह 8:30 बजे के करीब एयरपोर्ट के वॉशरूम में एक नीले रंग का लावारिस बैग मिला। इस घटना के बाद एयरपोर्ट में हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट प्रशासन ने परिसर को खाली करवा दिया और आसपास सिक्योरिटी को तैनात कर दिया गया।
बम स्क्वाड की टीम ने बैग को वॉशरूम से निकालकर बाहर रखा और इसकी गहनता से जांच की गई। सुरक्षा कर्मियों द्वारा बैग को उठाने के बजाय रस्सी से खींचकर कैंपस में लाया गया।
दूसरी फ्लाइट नौ बजे के करीब आती है, जिसे दिल्ली में ही रोक दिया गया। एयरपोर्ट के अंदर मौजूद यात्रियों सहित अन्य लोगों को तुरंत बाहर निकाल दिया गया।
बताया जा रहा है कि यह बैग धर्मशाला निवासी एक यात्री का था, जो वॉशरूम में रह गया था। हालांकि अभी एयरपोर्ट प्रशासन ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
सुबह साढ़े 8 से साढ़े 11 बजे तक एयरपोर्ट पर सब कुछ थम गया था। बैग की जांच पड़ताल होने के बाद दिल्ली से फ्लाइट कांगड़ा के लिए आई।
कांगड़ा एयरपोर्ट पर एयर इंडिया और स्पाइस जेट की पांच उड़ाने आती हैं। अभी 15 अप्रैल के बाद टूरिस्ट सीजन शुरू होने जा रहा है, ऐसे में यहां काफी भीड़ रहती है। इन दिनों भी पर्यटक व अन्य लोग काफी संख्या में फ्लाइट के माध्यम से पहुंच रहे हैं।
