उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके: जम्मू-कश्मीर से दिल्ली-NCR तक कांपी धरती; 5.9 रही तीव्रता
जम्मू-कश्मीर, दिल्ली-NCR, हरियाणा और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शुक्रवार रात 5.9 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए। ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग झटके महसूस होते ही सुरक्षा के लिए अपने घरों से बाहर खुले मैदानों की ओर भागने लगे।
रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 5.9 मापी गई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप के ये झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक कहीं से भी किसी जान-माल के बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है, लेकिन झटकों की तीव्रता ने लोगों को डरा दिया।
भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान के दरावन के पास (36.52°N अक्षांश और 71.01°E देशांतर) जमीन से करीब 175 किलोमीटर की गहराई में था। गहराई अधिक होने के कारण झटके काफी दूर तक महसूस किए गए। चंडीगढ़ और पंजाब के जीरकपुर जैसे इलाकों में भी ऊंची मंजिलों पर रहने वाले लोगों ने तेज कंपन की पुष्टि की है।
चंडीगढ़ के एक निवासी ने बताया कि वह अपनी दूसरी मंजिल के फ्लैट में थे जब उन्होंने अचानक तेज झटका महसूस किया। वहीं, पंजाब के जीरकपुर में 11वीं मंजिल पर रहने वाले अजय कुमार ने कहा कि झटके कुछ सेकंड तक रहे, जिससे पूरी सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
