रोहित शेट्टी के घर गोलियां बरसाने वाले शूटर समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, बिश्नोई गैंग से कनेक्शन आया सामने
मुंबई में फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में कथित शूटर समेत छह आरोपितों को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी सर्विलांस और लगातार छापेमारी के बाद आरोपितों की पहचान कर उन्हें दबोचा गया। इस ऑपरेशन को हरियाणा एसटीएफ और मुंबई पुलिस ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
जांच में सामने आया है कि चार आरोपितों को झज्जर जिले के माछरौली थाना क्षेत्र के अमादलपुर गांव से पकड़ा गया। मुख्य आरोपी रितिक यहां एक निर्माणाधीन साइट पर सुपरवाइजर की नौकरी करता था और वारदात के बाद सभी को यहीं छिपने के लिए लेकर आया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रितिक यादव (आगरा), दीपक (नोएडा), सनी (आगरा) और सोनू (आगरा) के रूप में हुई है। इनके पास से मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह पूरी वारदात उगाही (एक्सटॉर्शन) के मकसद से की गई थी और आरोपित कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के इशारे पर काम कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, गैंग के कहने पर ही 31 जनवरी की रात रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की गई थी।
फिलहाल सभी आरोपितों को आगे की कार्रवाई के लिए मुंबई एंटी एक्सटॉर्शन सेल को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है।
