फिर भयंकर ठंड की दस्तक; 18 राज्यों में बारिश-कोहरे शीतलहर का अलर्ट, जानें दिल्ली-NCR में कैसा मौसम?

जनवरी का महीना खत्म होने वाला है और ठंड का असर भी कम होता दिख रहा है, लेकिन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने का अनुमान लगाया है, क्योंकि सर्दी के सीजन का एक महीना अभी बाकी है और इस हफ्ते 2 पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होंगे, इसके असर से दिल्ली-NCR में जहां शीतलहर चलेगी और फरवरी के पहले हफ्ते में बारिश होगी।
वहीं हिमाचल, राजस्थान, पंजाब में भी शीतलहर चल सकती है। वेस्टर्न हिमालय रीजन के राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होंगे। इससे तीनों राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। पहला वेस्टर्न डिस्टरबेंस 29 जनवरी के आस-पास और दूसरा एक फरवरी को एक्टिव होने का पूर्वानुमान है। आइए जानते हैं कि अगले 5 दिन देशभर में मौसम कैसा रहने वाला है?
मौसम विभाग के अनुसार, एक के बाद एक 2 पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को 29 जनवरी से प्रभावित कर सकते हैं। दूसरा 1 फरवरी 2025 से एक्टिव होगा। इनके असर से बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। 29 जनवरी से 1 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालय क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक में भी मौसम करवट बदलेगा।
कराईकल, माहे, यनम, रायलसीमा के अलावा अलग-अलग इलाकों में अगले 2 दिन बारिश होने के आसार हैं। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और पंजाब के अलग-अलग इलाकों में शीत लहर चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, ओडिशा, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, बिहार में 29 जनवरी तक सुबह-शाम घना कोहरा छा सकता है। बाकी देश में मौसम सामान्य और शुष्क रहेगा। तापमान बढ़ने के आसार हैं।
दिल्ली-NCR की बात करें तो पिछले 2 दिन से शीतलहर से ठिठुरन बढ़ाई हुई है। हालांकि दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत मिलती है, लेकिन सुबह-शाम तेज सर्द हवाओं ने सिहरन बढ़ा रखी है। मौसम विभाग ने फरवरी के पहले हफ्ते में दिल्ली-NCR में बारिश होने का अनुमान लगाया है। बीते दिन 26 जनवरी को दिल्ली में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
वहीं आज 27 जनवरी दिन सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 19.71 °C रहा। दिन में न्यूनतम और अधिकतम तापमान 8.05 °C और 23.11 °C रहने के आसार हैं। हवा में 12% नमी है और हवा की गति 12 किलोमीटर प्रति घंटा है। सूरज सुबह 7:11 बजे उदय हुआ और शाम 5:55 बजे अस्त होगा। दिल्ली में आजकल अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 22 से 24°C और 7 से 8°C के बीच बना हुआ है।