उफ्फ! ये गर्मी, हरियाणा में झुलसा देने वाली गर्मी से हाल बेहाल, 47 डिग्री पार पहुंचा तापमान; लू का रेड अलर्ट जारी

प्रदेश में तेजी से गर्मी बढ़ रही है। वीरवार को लू के रेड अलर्ट के चलते गर्मी ज्यादा रही। सिरसा का तापमान तेजी से ऊपर चढ़ा और 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके साथ ही 13 जून की रात के बाद से उत्तर हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर में वर्षा की संभावना बनी हुई है।
17 के बाद पूरे हरियाणा में वर्षा हो सकती है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि मानसून की चाल सही रही तो 18 जून से प्री-मानसून भी प्रदेश में दस्तक दे सकता है। उसके बाद प्रदेश में तापमान तेजी से कम होने और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। भारत मौसम विज्ञान विभाग की तरफ से प्रदेश के नौ जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसमें लू चलेगी।
प्रदेश के तीन जिलों में वर्षा की संभावना व्यक्त की है। यह मौसम 13 जून की रात या 14 जून से वर्षा हो सकती है। मौसम में बदलाव के साथ ही 16 जून के बाद प्रदेश में वर्षा की संभावना बनी हुई है। तापमान में दो से तीन डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। वहीं वर्षा होने पर तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने बताया कि अभी मानसून की गति पर निर्भर करता है प्री-मानसून की वर्षा कब से शुरू होगी। 18 जून के आस पास उम्मीद है कि वर्षा हो सकती है।
अभी मानसून महाराष्ट्र में है। हरियाणा तक पहुंचने में उसे समय लगेगा। मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तर प्रदेश से होता हुआ हरियाणा में प्रवेश करेगा। उहोंने बताया कि 14 से जो मौसम में बदलाव होता उससे वातावरण में नमी बढ़ेगी।
इन जिलों में आज का रेड और ऑरेंज अलर्ट
रेड अलर्ट: सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी व महेंद्रगढ़।
ऑरेंज अलर्ट: पानीपत, जींद, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल।
यलो अलर्ट: कुरुक्षेत्र, करनाल व कैथल।