एग्जाम सचिन ने पास किया, नौकरी नवीन को… चंडीगढ़ CTU कंडक्टर भर्ती में फर्जीवाड़ा, बायोमेट्रिक जांच में खुली पोल

दो साल पहले सीटीयू में कंडक्टर की भर्ती के लिए हुई परीक्षा में गड़बड़ी का मामला सामने आया था। सेक्टर-49 थाना पुलिस ने सोनीपत, हरियाणा निवासी नवीन और सचिन नाम के एक शख्स के खिलाफ आइपीसी की धारा 419, 420, 120बी के तहत केस दर्ज किया।
आरोप के मुताबिक नवीन ने सीटीयू में कंडक्टर भर्ती होने के लिए सचिन से परीक्षा दिलवाई थी। इतना ही नहीं, दस्तावेजों की वेरिफिकेशन के वक्त भी सचिन ही आया था, इस कारण सीटीयू की पकड़ में यह मामला नहीं आया। सचिन ने भर्ती परीक्षा क्लीयर कर ली, लेकिन ज्वाइनिंग करने नवीन पहुंचा।
उसने करीब 10 दिन सीटीयू में बतौर कंडक्टर नौकरी भी की, लेकिन तभी विभाग को इस गड़बड़ी का पता चल गया। विभाग ने आरोपित को पकड़ने के लिए बायोमेट्रिक जांच करवाई, जिसमें नवीन पकड़ा गया।
दिल्ली पुलिस ने किसी भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप में सचिन को गिरफ्तार किया था। उसने पूछताछ के दौरान चंडीगढ़ में नवीन की जगह पेपर देने की बात भी कबूल की।
ऐसे में दिल्ली पुलिस ने चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट को जानकारी भेजी। दिल्ली पुलिस ने सूचना मिलने के बाद ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट ने जांच शुरू की और 2023 में भर्ती हुए सभी कंडक्टरों की बायोमेट्रिक जांच करवाई। इस दौरान नवीन पकड़ा गया।