रेखा शर्मा ने लिया राज्यसभा सांसद पद के लिए शपथ: इमरजेंसी की दिलाई याद, कहा- सिर्फ गांधी परिवार की महिलाओं का विकास

रेखा शर्मा ने आज यानी 16 दिसंबर सोमवार को संसद में राज्यसभा सांसद पद के लिए शपथ ले ली है। राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद उनकी पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। रेखा शर्मा ने कहा कि उन्होंने महिला आयोग की चेयरपर्सन के तौर पर भी काम किया है। उन्होंने बताया कि चेयरपर्सन से पहले कई NGO और भारतीय जनता पार्टी में भी अपनी सेवा दे चुकी हैं। इसके अलावा रेखा शर्मा ने कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला है।
रेखा शर्मा ने कहा कि वह सांसद के तौर पर महिला सशक्तिकरण के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए समाज की सोच को बदलना बहुत जरूरी है। यह तभी संभव है जब ग्रास रूट लेवल पर काम किया जाए। उन्होंने कहा कि उनके लिए महिलाओं के इकोनामिक डेवलपमेंट पर काम करना उनका बड़ा लक्ष्य होगा।
राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने महिलाओं को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला किया है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के समय में महिला प्रेसिडेंट होते हुए भी महिलाओं के लिए कुछ नहीं किया गया, केवल गांधी परिवार की महिलाओं का ही विकास हुआ। महिलाओं के विकास के नाम पर भी इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी के बाद प्रियंका गांधी की पार्टी में उच्च पदों पर रहीं।
रेखा शर्मा ने यह भी कहा कि कांग्रेस के राज में केवल गांधी परिवार की महिलाओं का विकास हुआ है। कोई और महिला उनकी पार्टी में भी किसी ऊंची पोजीशन पर नजर नहीं आयी, जो महिलाएं थी उनको भी आगे आने का मौका नहीं दिया गया। बीजेपी सांसद ने कहा, कांग्रेस को इमरजेंसी का दौर भी नही भूलना चाहिए। हरियाणा में BJP नेता रेखा शर्मा को निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुना गया है। उनके विरोध में पार्टी के किसी भी नेता ने नामांकन नहीं भरा था। 13 दिसंबर को उन्हें निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुन लिया गया। रेखा शर्मा का कार्यकाल 2028 तक रहेगा।