अपने गानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहने वाले सिंगर व रैपर बादशाह इस बार अपनी शादी को लेकर चर्चाओं में हैं। जी हां, सही सुना आपने बादशाह ने गुपचुप तरीके से शादी रचा ली है। बादशाह ने पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी से शादी की है। यह बादशाह की दूसरी शादी है, जो तलाक के छह साल बाद हुई है।
सोशल मीडिया पर बादशाह और ईशा रिखी की दूल्हा-दुल्हन के रूप में तस्वीरें वायरल हो रही हैं। हालांकि, अभी तक सिंगर की ओर से कंफर्म नहीं किया गया है। लेकिन पूनम रिखी नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शादी की तस्वीरें और वीडियो साझा किए गए हैं। जिसके बाद ये खबर अब कंफर्म ही मानी जा रही है।
इन तस्वीरों में बादशाह ओलिव ग्रीन कुर्ते और चूड़ीदार पजामे में नजर आए। जबकि ईशा लाल रंग के सूट में शादी के जोड़े में हैं। तस्वीरें देखकर पता चलता है कि दोनों ने बेहद सादगी से परिवार और खास दोस्तों की मौजूदगी में ही सात फेरे लिये हैं। बादशाह और ईशा रिखी ने एक-दूजे को वरमाला पहनाई।
सोशल मीडिया पर जो तस्वीरें सामने आई हैं उनमें एक तस्वीर में दोनों परिवार के साथ पोज देते दिख रहे हैं। जबकि दूसरी में कपल साथ खड़े मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में दोनों मंडप के सामने भी बैठे हैं। कुछ वीडियोज में बादशाह और ईशा एक दूसरे को मजाकिया अंदाज में गला दबाते हुए वरमाला पहनाते नजर आए। बैकग्राउंड में पंडित के मंत्र पढ़ने की आवाज आ रही है। एक और वीडियो में कपल मंडप पर अग्नि के आगे बैठा दिखाई दे रहा है।