बीजापुर में ताबड़तोड़ एक्शन जारी, 7 माओवादियों के शव और हथियारों का जखीरा बरामद

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों के खिलाफ बड़ा एक्शन हुआ है। यहां के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान अब तक 7 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। इसमें से 2 माओवादियों की पहचान भी हो गई है और बाकी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
सामने आया बस्तर के IG का बयान
बस्तर के आईजी पी सुंदरराज ने बताया, ‘बीजापुर जिले के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने अब तक कुल 7 माओवादियों के शव बरामद किए हैं। इनमें केंद्रीय समिति सदस्य गौतम उर्फ सुधाकर और तेलंगाना राज्य समिति सदस्य भास्कर के शव शामिल हैं।’
उन्होंने बताया, ‘बीजापुर जिले के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में जारी नक्सल विरोधी अभियान के तहत 5, 6 और 7 जून 2025 को हुई कई मुठभेड़ों के बाद कुल 7 माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। सुरक्षा बलों द्वारा बरामद किए गए 5 अज्ञात माओवादियों के शवों की पहचान का पता लगाने के प्रयास अभी जारी हैं।’