Rajasthan में पेट्रोल-डीजल पर फिर मंडराया संकट, 2 दिन इन जिलों में नहीं मिलेगा फ्यूल, रहेगी हड़ताल, जानें वजह

0

राजस्थान में पेट्रोल और डीजल पर वैट की दरों में कमी करने की सहित विभिन्न मांगों को लेकर राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने फिर से प्रदेशव्यापी हड़ताल की घोषणा कर दी है. आरपीडीए का कहना है कि विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने प्रदेश में पेट्रोल-डीजल की दरों में कमी करने के वादा किया था लेकिन उसे पूरा नहीं किया है. इसलिए रविवार 10 मार्च से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सिरोही, चूरू, जालोर, बाड़मेर, जैसलमेर, धौलपुर, करौली, दौसा, सीकर और झुंझुनूं जिले के पेट्रोल पंप संचालक पूरी तरह से हड़ताल पर जा रहे हैं.

 

राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह भाटी ने बताया कि पेट्रोल पंप संचालकों ने हड़ताल के दौरान जिला प्रशासन को भी किसी भी तरह से पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं कराने का निर्णय लिया है. इसके अलावा लोकसभा चुनावों में सरकारी वाहनों को भी उधार पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगाने की घोषणा की है. राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन का कहना है की पड़ोसी राज्यों में वैट की दरें कम होने के कारण वहां सस्ता पेट्रोल और डीजल मिलता है. राजस्थान में वैट की दरें ज्यादा होने के कारण पिछले पांच साल में प्रदेश में 62 फीसदी पेट्रोल पंप बंद होने के कगार पर पहुंच गए हैं.

 

वैट दरों में ज्यादा असामनता होने के कारण दूसरे राज्यों में पेट्रोल डीजल की बिक्री का आंकड़ा हर साल बढ़ता जा रहा है. वहीं राजस्थान के अधिकांश सीमावर्ती जिलों में पेट्रोल-डीजल की बिक्री लगातार कम होती जा रही है. पेट्रोल पंप संचालकों का आरोप है कि ऑयल कंपनियों की ओर से पिछले सात साल में डीलर कमीशन में बढ़ोतरी नहीं की गई है. वहीं ल्यूब ऑयल एवं प्रीमियम पेट्रोल प्रॉडेक्ट की जबरन आपूर्ति का दवाब पेट्रोल पंप संचालकों पर बना रखा है.

एसोसिएशन की बैठक में 10 मार्च को सुबह 6 बजे से 12 मार्च को सुबह 6 बजे तक पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर पूरी तरह बंद रखने की चेतावनी दी है. पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि तेल कंपनियों की मनमानी के कारण पेट्रोल पंप संचालकों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है. पेट्रोल पंप संचालकों ने चेतावनी दी यदि लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने पेट्रोल-डीजल की दरों में कमी की घोषणा नहीं की तो प्रदेशव्यापी आंदोलन चलाकर पेट्रोल पंप संचालक लोकसभा चुनावों में भाजपा का विरोध जताएंगे. 11 मार्च को सभी पेट्रोल पंप संचालक राजधानी जयपुर में स्टेच्यू सर्किल से सचिवालय तक विशाल रैली निकाल कर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताएंगे.

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *