हरियाणा में बारिश-आंधी का दौर शुरू, 3 दिनों तक बिगड़ा रहेगा मौसम, अलर्ट जारी

0

 हरियाणा में मार्च के अंतिम सप्ताह में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. 26 मार्च गुरुवार की शाम को दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी, नारनौल और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई. इसके बाद शुक्रवार सुबह गुरुग्राम और फरीदाबाद में तेज बारिश के साथ बिजली कड़कने की घटनाएं भी सामने आईं. मौसम में इस बदलाव ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. वहीं, किसानों के लिए ये मौसम परेशानी ला सकता है.

पश्चिमी विक्षोभ हुआ एक्टिव: मौसम विभाग के अनुसार इस बदलाव का मुख्य कारण सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ है. इसका प्रभाव अब पूरे प्रदेश में 30 मार्च तक देखने को मिलेगा. खासतौर पर उत्तरी और पूर्वी हरियाणा के जिलों जैसे अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में बारिश की संभावना जताई गई है. विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में मौसम और ज्यादा सक्रिय रहेगा.

तेज हवाएं और गरज-चमक का अलर्ट: IMD की मानें तो 28 और 29 मार्च को हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ का असर और अधिक बढ़ेगा. इस दौरान कई जिलों में गरज-चमक के साथ 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है, क्योंकि तेज हवाएं और बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं.

30 मार्च तक जारी रहेगा असर: मौसम विभाग के अनुसार 29 मार्च को व्यापक स्तर पर मौसम खराब रहेगा और 30 मार्च को भी ज्यादातर जिलों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. हालांकि कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश ही होगी. इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा और गर्मी से राहत मिलेगी.

तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज: प्रदेश में न्यूनतम तापमान में औसतन 2.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 2.7 डिग्री अधिक है. करनाल में सबसे कम 15.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अन्य जिलों में यह 16 से 20 डिग्री के बीच रहा. वहीं अधिकतम तापमान में भी 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है और नूंह में सबसे अधिक 35.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. आने वाले दिनों में बारिश और बादलों के कारण तापमान में गिरावट की संभावना है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *