पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने किया डीसी ऑफिस का औचक निरीक्षण, लोगों की सुनी समस्या

पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने किया डीसी ऑफिस का औचक निरीक्षण, लोगों की सुनी समस्या
चंडीगढ़, 18 जून — पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को सेक्टर-17 स्थित जिला उपायुक्त कार्यालय का औचक निरीक्षण कर सभी को चौंका दिया। प्रशासक सचिवालय सेक्टर-9 से बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे डीसी ऑफिस पहुंच गए। जैसे ही यह खबर कार्यालय में फैली, सभी अधिकारी और कर्मचारी हरकत में आ गए और कार्यालय में हड़कंप मच गया।
प्रशासक ने डीसी ऑफिस के विभिन्न सेक्शनों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद आम नागरिकों से उनकी समस्याएं जानीं। लोगों ने उन्हें खुले दिल से अपनी परेशानियां बताईं, जिन्हें प्रशासक ने गंभीरता से सुना। मौके पर ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करें और समय पर कार्यवाही सुनिश्चित करें।
डीसी ऑफिस में मौजूद नागरिकों में प्रशासक की उपस्थिति से खुशी का माहौल था। एक बुजुर्ग महिला ने कहा, “कई वर्षों बाद कोई राज्यपाल हमारी बात सुनने के लिए खुद यहां आया है।” वहीं एक युवक ने नाराजगी जताते हुए कहा कि, “जो काम प्रशासनिक अफसरों को करना चाहिए, वह राज्यपाल खुद कर रहे हैं।”
कई लोगों ने शिकायत की कि अधिकांश अधिकारी एसी कमरों में बैठकर आम जनता से मिलने तक से कतराते हैं। शहर में दौरा करना और ज़मीनी हकीकत जानना तो दूर की बात है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया सेक्टर 26 और 39 की मंडियों, सेक्टर 32 और 16 के अस्पतालों, ट्रांसपोर्ट नगर और सेक्टर 48 के अस्पतालों का दौरा कर आम जनता से मुलाकात कर चुके हैं।
प्रशासक के इस सक्रिय और ज़मीनी रवैये की आम जनता ने सराहना की है, वहीं यह दौरा प्रशासनिक तंत्र के लिए एक स्पष्ट संदेश भी माना जा रहा है कि जनता से दूरी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।