पंजाब सरकार का बड़ा फैसला, बिजली दरों में रिकॉर्ड कटौती, उपभोक्ताओं को होगा फायदा
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन उससे पहले ही राज्य की भगवंत मान सरकार लोगों को रिझाने की कोशिशों में लग गई है. बजट सत्र के पहले ही दिन पंजाब के लोगों को बड़ी राहत देते हुए राज्य सरकार ने सभी कैटेगरी के उपभोक्ताओं के लिए बिजली की दरों में 50 पैसे प्रति यूनिट से लेकर 1.50 प्रति यूनिट की कमी करने का ऐलान किया है.
भगवंत मान की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने आज शुक्रवार को पंजाब विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बिजली दरों में रिकॉर्ड स्तर पर कमी की है. घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 1.5 रुपये तक की कमी का ऐलान किया गया है, जबकि व्यावसायिक दुकानों के लिए बिजली दरों में 79 पैसे प्रति यूनिट तक की कमी लाई गई है. पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (PSERC) की ओर से घोषित नई दर अगले महीने 1 अप्रैल से लागू होगी.
पंजाब सरकार की ओर से इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों के लिए बिजली की दरों में प्रति यूनिट की 74 पैसे कमी की गई है. जबकि इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग (EVP) चार्जिंग स्टेशनों के लिए बिजली दर घटाकर 5 रुपये प्रति यूनिट रखी गई है. नए बदलाव के बाद अब यह दर देश में सबसे कम दरों में शामिल हो गई है. इस नए ऐलान से बिजली उपभोक्ताओं को कुल 7,851.91 करोड़ रुपये की राहत मिलेगी.
