पंजाब सरकार का का बड़ा फैसला : 130 मेडिकल अफसरों की नियुक्ति होगी, कई जिलों के अस्पतालों को मिलेंगे डॉक्टर

चंडीगढ़ : पंजाब सरकार ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 130 मेडिकल अफसरों की नियुक्ति करने का फैसला किया है। इसमें स्त्री रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन, मनोरोग, एनेस्थीसिया समेत कई विशेषज्ञ शामिल हैं। यह प्रक्रिया 28 फरवरी तक पूरी कर ली जाएगी। जबकि ये विशेषज्ञ मार्च महीने से अपना काम संभाल लेंगे। सरकार ने सभी अस्पतालों से विशेषज्ञों की सूची मांगी थी। इस पर फैसला लिया जाएगा। जानकारी के मुताबिक अखबारों में इसका टेंडर जारी कर दिया गया है। बता दें कि इसके जरिए पंजाब सरकार कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) में डॉक्टरों की कमी को पूरा करने की कोशिश कर रही है। ताकि पंजाब के लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों में 72 फीसदी डॉक्टरों की कमी है। पंजाब के सेहत मंत्री डॉक्टर बलबीर सिंह ने शुक्रवार को इस बारे में जानकारी साझा की।
37 बाल रोग विशेषज्ञ और कई अन्य की होगी भर्ती
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह भर्ती राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन पंजाब द्वारा की जा रही है। जिसमें 37 बाल रोग विशेषज्ञ, 31 मेडिसिन, 29 स्त्री रोग विशेषज्ञ, 15 रेडियोलॉजी विशेषज्ञ, 14 सामान्य सर्जरी और 4 मनोरोग विशेषज्ञ शामिल हैं। इन सभी को जालंधर, अमृतसर, फिरोजपुर, गुरदासपुर, संगरूर, मोहाली, बठिंडा, फतेहगढ़ साहिब, मानसा और अन्य जिलों के सीएचसी में तैनात किया जाएगा। आपको बता दें कि राज्य के हर जिले में इन डॉक्टरों की विशेष कमी है। जिसके चलते यह फैसला लिया गया है। आपको बता दें कि दिल्ली में हार के बाद पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार ने हर क्षेत्र में तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। ताकि वह पंजाब के लोगों का दिल जीत सके।