PUNJAB में बदमाशों ने इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में घुस ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं

पंजाब में बदमाश इस कदर बेखौफ हैं कि वे दिनदहाड़े लोगों पर गोलियां बरसा रहे हैं। अब एक बड़ी वारदात पंजाब के बटाला से सामने आई है। यहां इलेक्ट्रॉनिक शोरूम में घुसकर दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं।
बताया जा रहा है कि, बदमाशों की इस वारदात में तीन लोगों को गोलियां लगी हैं। जिन्हें गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। वहीं वारदात के बाद से आसपास सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस लोगों से पूछताक्ष के साथ-साथ पास के CCTV कैमरों को खंगाल रही है ताकि बदमाशों का सुराग लग सके। वारदात के बाद से बदमाश फरार हैं।
जानकारी मिल रही है कि, वारदात को अंजाम देने से पहले दोनों बदमाश शोरूम के इर्दगिर्द घूमते रहे और आसपास का माहौल देख अपनी प्लानिंग बनाते रहे। इसके बाद वह अचानक से LED खरीदने के बहाने शोरूम के अंदर घुस गए और मौका पाते ही गोलियां चला दीं और इसके बाद फरार हो गए।
बदमाशों ने क्यों की ये वारदात?
बदमाशों ने ये वारदात क्यों की? इस बारे में जानकारी हासिल नहीं हो पाई है। यह पता लगाया जा रहा है कि क्या बदमाश लूट के लिए आए थे या फिर रंजिशन उन्होंने यहां आकर गोलियां चलाईं। पुलिस का कहना है कि, आगे की कार्रवाई की जा रही है। बदमाश बच नहीं पाएंगे। वे जल्दी ही गिरफ्त में होंगे।